अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद में जारी वर्ल्ड पैरा तीरंदाजी सीरीज स्टेज-3 में शीतल देवी ने विमेंस कंपाउंड इंडिविजुअल के फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए मेडल पक्का कर दिया है। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला हमवतन सरिता से हुआ, जहां शीतल ने कड़े मुकाबले में 145-143 से जीत दर्ज की। अब गोल्ड मेडल के लिए वह कजाकिस्तान की ऐजादा सेइदान से भिड़ेंगी, जबकि सरिता ब्रॉन्ज के लिए चीन की वांग हुइटिंग के खिलाफ उतरेंगी।
मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि अहम मौकों पर शीतल ने बेहतर निशाना लगाते हुए दो अंकों की बढ़त के साथ बाजी अपने नाम की। जम्मू की शीतल बिना हाथों के तीरंदाजी करती हैं और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन होने के साथ इस प्रतियोगिता की वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी भी हैं।
मेंस कंपाउंड कैटेगरी में भारत के टॉमन कुमार फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। वर्ल्ड चैंपियन टॉमन को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के टॉप सीड केन स्वागुमिलांग ने 146-144 से मात दी। अब टॉमन ब्रॉन्ज मेडल के लिए इराक के अब्बास काधिम से मुकाबला करेंगे। स्वागुमिलांग ने क्वार्टर फाइनल में भारत के गुरविंदर सिंह को भी 143-141 से हराया था।
W1 पुरुष वर्ग में आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी और नुरुद्दीन की हार के बाद भारत की चुनौती समाप्त हो गई। आदिल को चेकिया के डेविड द्राहोनिंस्की ने शूट-ऑफ में 6-5 (8-10) से हराया, जबकि नुरुद्दीन चीन के यांग शुपेंग से 6-2 से हार गए। विमेंस W1 में स्वाति चौधरी को सेमीफाइनल में चीन की लियू जिंग ने 7-1 से हराया, लेकिन उनके पास अब भी ब्रॉन्ज जीतने का मौका है। W1 वर्ग में गंभीर शारीरिक अक्षमता वाले पैरा एथलीट हिस्सा लेते हैं और कुछ खिलाड़ियों को तीर लगाने के लिए असिस्टेंट की मदद लेनी पड़ती है।