अहमदाबाद न्यूज डेस्क: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। योजना के अनुसार 15 अगस्त 2027 तक गुजरात में पहली बुलेट ट्रेन चलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सूरत में बुलेट ट्रेन स्टेशन का सिविल वर्क लगभग पूरा हो चुका है और अब इसमें अन्य सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। स्टेशन की छत तैयार हो चुकी है, जिसमें डायमंड जैसी डिजाइन बनाई गई है। सूरत की पहचान को ध्यान में रखते हुए पूरे स्टेशन की थीम ‘डायमंड’ पर आधारित रखी गई है।
इस परियोजना के तहत सूरत में रोलिंग स्टॉक डिपो भी तैयार किया जा चुका है, जहां से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। यह डिपो करीब 27 हेक्टेयर में फैला हुआ है और इसमें ट्रेन के रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जैसे निरीक्षण बे, वॉशिंग प्लांट और स्टेबलिंग लाइनें।
परियोजना के तहत कुल तीन डिपो बनाए जा रहे हैं—दो गुजरात (साबरमती और सूरत) में और एक महाराष्ट्र के ठाणे में। इन डिपो में ट्रेनों का नियमित निरीक्षण, मरम्मत और अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिससे बुलेट ट्रेन का संचालन सुरक्षित और सुचारु रूप से हो सके।