अहमदाबाद न्यूज डेस्क: राजस्थान के जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक 21 वर्षीय युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गई। हादसे में उसके दोनों पैर बुरी तरह कट गए।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जोधपुर जंक्शन पर हुई। घायल युवती की पहचान मंडोर निवासी डिंपल के रूप में हुई है। वह अपनी बहन ज्योति के साथ जोधपुर-दादर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 14807) से अहमदाबाद जा रही थी। दोनों बहनें एयरफोर्स भर्ती परीक्षा देने के लिए अहमदाबाद रवाना हो रही थीं।
ड्यूटी ऑफिसर भोमाराम ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे जीआरपी को घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को पहले एमडीएम अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जीआरपी के रमेश कुमार के अनुसार, दोनों बहनों का ट्रेन के स्लीपर कोच में आरक्षण था। ट्रेन चलने के बाद चढ़ने के दौरान यह हादसा हुआ।
महात्मा गांधी अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. रजनीश गालवा ने बताया कि युवती को सुबह करीब 8 बजे अस्पताल लाया गया। उसकी हालत बेहद गंभीर है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक युवती का एक पैर पूरी तरह कट चुका था, जबकि दूसरा पैर भी लगभग अलग हो गया था। फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद आगे की सर्जरी की जाएगी।