अहमदाबाद न्यूज डेस्क: फतेहपुर में अहमदाबाद के मेघाणी नगर में हुए विमान हादसे की पहली बरसी पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 'सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन' के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में हादसे में जान गंवाने वाले 242 लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
कार्यक्रम के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पांच युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वालों में अरविंद तिवारी, धर्मेंद्र यादव, धर्मराज, प्रांशु मौर्य और अनुज कुमार शामिल रहे। आयोजकों ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके इस योगदान को प्रेरणादायक बताया।
रक्तदाताओं ने लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अस्पतालों और ब्लड बैंकों में अक्सर रक्त की कमी बनी रहती है। ऐसे में युवाओं को आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंद मरीजों की समय पर मदद हो सके और कई जिंदगियां बचाई जा सकें।
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने यह भी बताया कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक सुरक्षित और स्वस्थ प्रक्रिया है। इस अवसर पर 'सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन' के राजेश मौर्य और गुरमीत सिंह मौजूद रहे। वहीं मानस रक्तकेंद्र की ओर से प्रभारी अमन यादव, अनामिका पाल, अंजली, अनुस और विष्णु ने रक्त संग्रहण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।