अहमदाबाद न्यूज डेस्क: उत्तर मध्य रेलवे के ललितपुर जंक्शन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसके कारण सूरत-छपरा और अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चलने वाली चार विशेष ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिया गया है। रेलवे के अनुसार ये ट्रेनें निर्धारित रूट के बजाय अब कोटा और सवाई माधोपुर होकर संचालित होंगी।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 09065 सूरत–छपरा स्पेशल (14 जुलाई) और 09066 छपरा–सूरत स्पेशल (15 जुलाई) अब नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी और प्रयागराज जंक्शन के रास्ते चलेंगी। इन ट्रेनों का उज्जैन, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, बीना और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह 09465 अहमदाबाद–दरभंगा स्पेशल (17 जुलाई) और 09466 दरभंगा–अहमदाबाद स्पेशल (18 जुलाई) भी बदले हुए मार्ग से संचालित होंगी। ये ट्रेनें नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी और प्रयागराज जंक्शन होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। इस दौरान उज्जैन, गुना, बीना और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन जैसे स्टेशनों पर इनका ठहराव नहीं रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित रूट और समय की जानकारी अवश्य जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।