अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद की इलेक्ट्रिक व्हीकल स्टार्टअप कंपनी मैटर भारत में चार नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने हाल ही में 2.5 करोड़ डॉलर यानी करीब 240 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है। इस राउंड में कंपनी के मौजूदा निवेशकों ने भी हिस्सा लिया है। इस रकम का इस्तेमाल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, सप्लाई चेन मजबूत करने और शोरूम व डीलरशिप नेटवर्क का विस्तार करने में किया जाएगा।
कंपनी अगले 12 से 24 महीनों में चार नई इलेक्ट्रिक बाइक बाजार में उतारने की योजना बना रही है। ये सभी मॉडल मैटर के मौजूदा एरा प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। इनमें कंपनी की खुद की तैयार की गई पावरट्रेन, बैटरी और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। नए मॉडल अलग-अलग सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे।
नई फंडिंग के बाद मैटर की अब तक की कुल फंडिंग करीब 1,000 करोड़ रुपये हो गई है। कंपनी इसमें से 750 करोड़ रुपये से ज्यादा रिसर्च एंड डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और मार्केट में विस्तार पर खर्च कर चुकी है। मैटर के पास अपनी टेक्नोलॉजी से जुड़े 111 पेटेंट हैं और इसकी सप्लाई चेन में 150 से ज्यादा सप्लायर जुड़े हुए हैं।
कंपनी की मौजूदा इलेक्ट्रिक बाइक मैटर एरा में 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स, लिक्विड-कूल्ड बैटरी और 172 किलोमीटर की सर्टिफाइड रेंज मिलती है। इसे घर के सामान्य 5-एम्पीयर सॉकेट से भी चार्ज किया जा सकता है। बाइक में 7-इंच की टचस्क्रीन दी गई है, जिसमें नेविगेशन, म्यूजिक और कॉल अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। कंपनी का कहना है कि एरा की मांग बढ़ रही है और इसकी वेटिंग लिस्ट भी लंबी है।