अहमदाबाद न्यूज डेस्क: देशभर में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। नई सैटेलाइट तस्वीरों में भारत के हिमालय से लेकर दक्षिण कोरिया तक करीब 7,000 से 10,000 किलोमीटर लंबी बादलों की बेल्ट दिखाई दे रही है। मौसम वैज्ञानिक इसे मानसून कन्वर्जेंस जोन बता रहे हैं, जिसके कारण देश के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों में देश में सामान्य से 170 से 180 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। हिंद महासागर से आई नमी भरी हवाओं के एशिया की ओर बढ़ने से यह स्थिति बनी है। इसके चलते मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़ और गुजरात में करीब 60 घंटे से लगातार बारिश हो रही है।
गुजरात के सूरत में महज चार घंटे में चार इंच बारिश दर्ज की गई। भेड़ावल और सीमादा नदियां उफान पर हैं, जबकि अन्य नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 2,244 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राज्य के तीन जिलों में रेड अलर्ट, 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में आज 69 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में 6.53 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटों में 10 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद इस वर्ष बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है।