अहमदाबाद न्यूज डेस्क: IIM अहमदाबाद ने अपने इंटरनेशनल प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड बनाया है। संस्थान के फ्लैगशिप पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (PGP) के छात्रों के लिए इस साल अधिकतम अर्निंग पोटेंशियल (MEP) 2.31 करोड़ रुपये यानी 2,43,000 अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। इंडियन प्लेसमेंट रिपोर्टिंग स्टैंडर्ड्स (IPRS) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह 2011 में IPRS सिस्टम शुरू होने के बाद संस्थान का अब तक का सबसे बड़ा इंटरनेशनल MEP है। इससे पहले रिकॉर्ड 2014 में 1,92,581 डॉलर का था।
इस साल विदेश में सबसे ज्यादा सैलरी वाला ऑफर दुबई में आईटी सेक्टर के बिजनेस डेवलपमेंट रोल के लिए मिला। IIM अहमदाबाद के मुताबिक, MEP में सालाना कैश सैलरी, एक बार मिलने वाला कैश पेमेंट और कुल गारंटीड कैश कंपोनेंट शामिल होता है। प्लेसमेंट में शामिल 392 छात्रों में से 6 छात्रों ने इंटरनेशनल जॉब ऑफर स्वीकार किए। इनमें 4 ऑफर दुबई, एक हांगकांग और एक जापान से था। छह इंटरनेशनल ऑफर्स में तीन बिजनेस कॉन्ग्लोमरेट्स, जबकि BFSI, IT और रिटेल सेक्टर की एक-एक कंपनी शामिल रही।
डोमेस्टिक प्लेसमेंट में भी संस्थान का प्रदर्शन मजबूत रहा। इस साल अधिकतम MEP 81.6 लाख रुपये रहा, जबकि मीडियन MEP बढ़कर 36.98 लाख रुपये पहुंच गया, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा है। BFSI लगातार दूसरे साल सबसे ज्यादा भुगतान करने वाला घरेलू सेक्टर रहा। हालांकि, सबसे ज्यादा भर्ती कंसल्टिंग सेक्टर ने की, जिसने 155 ऑफर दिए। इसके बाद BFSI ने 82 ऑफर दिए। IT और बिजनेस कॉन्ग्लोमरेट्स ने 34-34 ऑफर दिए, जबकि कंज्यूमर सर्विसेज से 15 ऑफर आए।
रिपोर्ट में बिजनेस डेवलपमेंट रोल्स में भी बड़ी बढ़ोतरी सामने आई है। 2022 से 2024 के बीच हर साल सिर्फ 2 से 5 ऑफर मिलने के मुकाबले 2026 में इन रोल्स की संख्या बढ़कर 27 हो गई। इस बार कुल 182 कंपनियां प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल हुईं और करीब 267 तरह के रोल्स के लिए नौकरियां ऑफर की गईं। अलग-अलग कंपनियों में Accenture Strategy ने PPO समेत सबसे ज्यादा 36 ऑफर दिए। इसके बाद BCG ने 33, FinIQ Consulting ने 24 और McKinsey & Company ने 21 ऑफर दिए। इस साल 50 से ज्यादा नई कंपनियां भी IIM अहमदाबाद के लेटरल और फाइनल प्लेसमेंट में शामिल हुईं।