अहमदाबाद न्यूज डेस्क: इंदौर के विजय नगर क्षेत्र स्थित सुमन नगर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट हादसे में घायल युवती जीनी झाला को बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा जाएगा। गुरुवार को मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि जीनी को एयरलिफ्ट कर अहमदाबाद के जायडस अस्पताल में भर्ती कराया जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि उपचार पर आने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
यह आदेश गैस पाइपलाइन विस्फोट मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। कोर्ट ने स्वास्थ्य आयुक्त, इंदौर कलेक्टर और सीएमएचओ को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकार को 30 जून को अगली सुनवाई के दौरान अनुपालन रिपोर्ट पेश कर यह बताना होगा कि आदेश के पालन के लिए क्या-क्या कदम उठाए गए।
मंगलवार को सुमन नगर में रिचार्ज शाफ्ट के लिए की जा रही बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन में विस्फोट हो गया था। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें जीनी झाला करीब 25 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। उनका इलाज फिलहाल इंदौर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले में नगर निगम ने जांच समिति गठित की है, जबकि पुलिस ने ठेकेदार और बोरवेल ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है।
सुनवाई के दौरान जीनी झाला के परिजनों ने अदालत में हस्तक्षेप आवेदन दाखिल कर उनके बेहतर उपचार की मांग की। उन्होंने युवती की स्थिति से जुड़े फोटो भी कोर्ट में पेश किए और अहमदाबाद के विशेष अस्पताल में इलाज कराने का अनुरोध किया। इस पर हाई कोर्ट ने सरकार को तत्काल एयरलिफ्ट की व्यवस्था कर इलाज सुनिश्चित करने का आदेश दिया।