अहमदाबाद न्यूज डेस्क: बिहार के गोपालगंज से मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित पांच बच्चों को निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने समाहरणालय परिसर से एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर पटना के लिए रवाना किया। वहां से बच्चों और उनके परिजनों को हवाई मार्ग से गुजरात स्थित श्री सत्य साईं हृदय अस्पताल ले जाया जाएगा।
रवाना होने से पहले डीएम ने बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज का पूरा खर्च बिहार सरकार उठाएगी। योजना के तहत जांच, ऑपरेशन, दवाइयां, अस्पताल में रहने की व्यवस्था और परिजनों के आने-जाने का हवाई किराया भी सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। उन्होंने बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
जिला स्वास्थ्य समिति ने यात्रा को सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। साथ ही जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 149 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 80 बच्चों का सफल ऑपरेशन अहमदाबाद और पटना में हो चुका है। वहीं 36 बच्चे अभी चिकित्सकीय निगरानी में हैं। जांच के बाद 11 बच्चों की रिपोर्ट सामान्य मिली, जबकि 11 अन्य बच्चों को चिकित्सकीय कारणों से ऑपरेशन के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया। बाकी पात्र बच्चों का इलाज चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण, जैसे बार-बार बीमार पड़ना, दूध पीते समय सांस फूलना, होंठ या नाखून नीले पड़ना या वजन नहीं बढ़ना दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, ताकि समय रहते बच्चे को इस निःशुल्क योजना का लाभ मिल सके।