अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद में एक 26 वर्षीय महिला के जीवन में तब भूचाल आ गया, जब उसके पूर्व पति ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो उसके मंगेतर को भेज दिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह कदम उसकी सगाई तुड़वाने और उसकी प्रतिष्ठा धूमिल करने के इरादे से उठाया। महिला की शिकायत के बाद गायकवाड़ हवेली थाने में एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू कर दी गई।
महिला ने बताया कि उसकी मुलाकात पूर्व पति से 2017 में एक ज्वेलरी शॉप में हुई थी। वहीं से नजदीकियां बढ़ीं और 2018 में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली। शादी के बाद उसे पता चला कि पति पहले से शादीशुदा है और बच्चे भी हैं। इस सच के सामने आने के बाद रिश्ते में दरार आ गई और 2022 में दोनों का तलाक हो गया।
2023 के अंत में महिला के परिवार ने उसकी सगाई तय की और उसने अपने मंगेतर को पहली शादी के बारे में सच भी बता दिया। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन फरवरी 2024 में उसके मंगेतर को व्हाट्सएप पर महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेजे गए। आरोप है कि ये मीडिया फाइलें पूर्व पति ने भेजीं, जो शादी के दौरान रिकॉर्ड की गई थीं। महिला का कहना है कि इस हरकत का मकसद उसे अपमानित करना और शादी तोड़वाना था।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि पूर्व पति पहले भी उसे ऑनलाइन परेशान करता रहा है, जिसकी शिकायत उसने साइबर सेल में दर्ज कराई थी। अब मामला गंभीर होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के फोन, डिजिटल सबूत, और भेजे गए मैसेज की पूरी जांच करेगी।