अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद के रामोल इलाके में कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। सोमवार तड़के सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से झुलसे गोविंद डामोर ने दम तोड़ दिया। वह मूल रूप से गुजरात के दाहोद जिले के रहने वाले थे और हादसे में उनके शरीर का 95 प्रतिशत से अधिक हिस्सा झुलस गया था।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि हादसे के बाद पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं। सबसे गंभीर रूप से झुलसे गोविंद डामोर की सोमवार रात करीब 2:15 बजे मौत हो गई, जबकि 75 प्रतिशत से अधिक झुलसी महिला का इलाज अब भी आईसीयू में जारी है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीन अन्य मरीज बर्न वार्ड में भर्ती हैं। इनमें एक मरीज 40 प्रतिशत और दूसरा 20 प्रतिशत तक झुलसा है। अस्पताल के स्किन बैंक की मदद से दोनों मरीजों के प्रभावित हिस्सों पर दान की गई त्वचा प्रत्यारोपित की गई है। प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
डॉ. जोशी ने बताया कि भर्ती पांचवां मरीज अब पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल कर रहा है।