अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद एयरपोर्ट से मंगलवार को हवाई यात्रा को आसान बनाने वाली हब एंड स्पोक व्यवस्था शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू इसका शुभारंभ करेंगे। अमृतसर और वाराणसी के बाद अहमदाबाद इस सिस्टम से जुड़ने वाला देश का तीसरा एयरपोर्ट होगा। सरकार ने इस मॉडल के तहत देशभर के 44 एयरपोर्ट्स को विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
हब एंड स्पोक मॉडल में छोटे शहरों के एयरपोर्ट को बड़े हवाई अड्डों से जोड़ा जाता है। यहां से यात्री आगे अंतरराष्ट्रीय या लंबी दूरी की उड़ान पकड़ सकेंगे। इस व्यवस्था की खासियत यह है कि यात्रियों की सामान जांच, कस्टम और इमिग्रेशन जैसी प्रक्रिया शुरुआती एयरपोर्ट पर ही पूरी हो जाएगी।
इसके बाद जब यात्री हब एयरपोर्ट पहुंचेंगे तो उन्हें दोबारा सुरक्षा जांच या चेक-इन कराने की जरूरत नहीं होगी। एयरलाइन यात्रियों का सामान खुद दूसरी फ्लाइट में ट्रांसफर करेगी। इससे यात्रियों को सामान उठाकर दोबारा जमा कराने की परेशानी नहीं होगी और कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने में भी कम समय लगेगा।
इस सिस्टम से यात्रियों के साथ एयरलाइंस को भी फायदा होगा। छोटे शहरों से अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय उड़ानें चलाने की जरूरत कम होगी, जिससे परिचालन खर्च घटेगा। साथ ही बड़े एयरपोर्ट पर भीड़ और दोबारा जांच का दबाव कम होगा। सरकार का मानना है कि यह मॉडल देश में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने और भारतीय एयरपोर्ट्स को बेहतर एविएशन हब बनाने में मदद करेगा।