अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा की तैयारियों के बीच शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चॉकलेट के रैपर में छिपाकर ड्रग्स बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अहमदाबाद सिटी पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (जोन-5) और गोमतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान 28 वर्षीय सीमाबेन दिवाकर के रूप में हुई है। गोपनीय सूचना के आधार पर विक्रम मिल नी चाल इलाके में छापेमारी की गई, जहां से चॉकलेट के रैपर में छिपाकर रखे गए 127.95 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) और 132.42 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से 1.13 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। बरामद ड्रग्स और नकदी की कुल कीमत करीब 5.03 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने ड्रग्स को चॉकलेट के रैपर में छिपाया था ताकि वह सामान्य खाद्य पदार्थ जैसा दिखे और पुलिस की नजर से बच सके। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सीमाबेन के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, उसका पति सूरज उर्फ टक्लू दिवाकर फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, जुआ, शराबबंदी कानून का उल्लंघन और शहर-बदर जैसे मामले शामिल हैं।
गौरतलब है कि गुजरात के नए डीजीपी जी.एस. मलिक ने हाल ही में निर्देश जारी किया है कि जिस थाना क्षेत्र में ड्रग्स की बिक्री या बरामदगी होगी, वहां के संबंधित पीएसआई और एसआई के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।