अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद में बुधवार सुबह निर्माणाधीन ट्रेमोंट एडलिप बिल्डिंग में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एसजी हाईवे पर निरमा यूनिवर्सिटी के सामने बन रही इमारत की 32वीं मंजिल पर करीब 300 फीट की ऊंचाई पर क्रेन से 22 वर्षीय मजदूर का शव लटका मिला। बताया जा रहा है कि युवक इसी निर्माण स्थल पर क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात की है। आशंका है कि युवक ने क्रेन से फांसी लगाकर आत्महत्या की। उसका शव पूरी रात क्रेन से लटका रहा और बुधवार सुबह लोगों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में अन्य जानकारी का इंतजार है।