अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद के साबरमती नदी तट पर आज से अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2025 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तिरंगा गुब्बारा उड़ाकर उत्सव का उद्घाटन किया। 11 से 14 जनवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में 47 देशों और भारत के 11 राज्यों के पतंगबाज शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पतंगबाजों की परेड हुई।
गुजरात के विभिन्न शहरों में आयोजन
इस बार अहमदाबाद के अलावा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सूरत, वडोदरा, राजकोट और धोर्डो में भी पतंगबाजी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 153 अंतरराष्ट्रीय, 68 राष्ट्रीय और 865 गुजरात के पतंगबाज अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। पर्यटन मंत्री मुलुभाई बेरा ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को भी लाभ हो रहा है।
गुजरात का पतंग उद्योग
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात पतंग निर्माण में अग्रणी है और देश के कुल पतंग बाजार में इसका 65% हिस्सा है। अहमदाबाद, नडियाद और सूरत जैसे शहर प्रमुख केंद्र हैं। गुजरात से हर साल अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों को पतंग निर्यात की जाती हैं।
विदेशी भागीदारी से बढ़ी शोभा
इस साल अर्जेंटीना, जापान, कोरिया, यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट्स, फ्रांस और जर्मनी सहित 47 देशों के पतंगबाज महोत्सव का हिस्सा बने हैं। मुख्यमंत्री ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया। पिछले साल की तरह इस बार भी लाखों लोगों के महोत्सव में शामिल होने की उम्मीद है।