अहमदाबाद न्यूज डेस्क: रायपुर से अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। 1 अक्टूबर से इस रूट पर रोजाना सीधी फ्लाइट शुरू होने वाली है। अब तक यह सेवा सप्ताह में सिर्फ तीन दिन उपलब्ध थी, लेकिन अब इंडिगो को इस रूट पर रोजाना फ्लाइट संचालन की अनुमति मिल गई है। कंपनी ने शेड्यूल जारी कर टिकट बुकिंग शुरू कर दी है, और 1 अक्टूबर की टिकटें 4500 से 5000 रुपये के बीच मिल रही हैं।
त्योहारी सीजन में इस फ्लाइट के नियमित संचालन से प्रदेश और गुजरात के बीच व्यापार में तेजी आने की संभावना है। पिछले तीन वर्षों से यह उड़ान सिर्फ सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही चलती थी। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने अब इसे नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि इंडिगो स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, गोवा, हैदराबाद, भोपाल, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, प्रयागराज, जगदलपुर, इंदौर, कोच्चि, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट्स का संचालन कर रही है। दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में सबसे ज्यादा, एक ही दिन में चार उड़ानें संचालित होती हैं।
फ्लाइट के शेड्यूल:
इंडिगो की फ्लाइट 6E-6193 अहमदाबाद से दोपहर 2:16 बजे रवाना होगी और रायपुर में शाम 4:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद, इंडिगो 6E-6194 रायपुर से शाम 4:40 बजे रवाना होगी और अहमदाबाद में शाम 6:20 बजे पहुंचेगी।