अहमदाबाद न्यूज डेस्क: राजस्थान के भीनमाल में पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार (22), पुत्र शांतिलाल वागरी, निवासी नरता, हाल निवासी गुणीनाडा, भीनमाल के रूप में हुई है।
यह चोरी 29 अप्रैल 2026 को खजुरिया बेरा रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। पीड़ित ओमप्रकाश माली ने भीनमाल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिवार में शादी होने के कारण अधिकांश सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे से ऊपर का गेट तोड़कर घर में घुस गया।
आरोपी ने कमरे में रखे लोहे के बक्से से सोने-चांदी के जेवरात और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया और अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 7 लाख रुपये के जेवर बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अन्य जगहों पर भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।