अहमदाबाद न्यूज डेस्क: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में 2023 में एक ही परिवार के छह लोगों की हत्या के मामले में फरार आरोपी रामसिंह धीरसिंह तोमर को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब तीन साल से पुलिस से बच रहा था और उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। क्राइम ब्रांच की टीम ने सात दिन तक ऑपरेशन चलाने के बाद उसे एक वेयरहाउस से पकड़ा।
राजीनामे के बहाने बुलाया, फिर की अंधाधुंध फायरिंग
यह घटना 5 मई 2023 को मुरैना के लेपा गांव में हुई थी। दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष ने पुराने झगड़े को खत्म करने के लिए राजीनामे की बात कहकर धीरेंद्र और उसके परिवार के लोगों को अहमदाबाद से गांव बुलाया था। आरोप है कि सुबह उनके पहुंचने पर बंदूकों से हमला कर दिया गया। इस फायरिंग में एक ही परिवार के तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह लोगों की मौत हो गई।
नौ आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
मृतकों में गजेंद्र सिंह बदलू सिंह तोमर, उनके बेटे सत्यप्रकाश सिंह और संजू सिंह के अलावा मधुदेवी, बबली देवी और केशकली देवी शामिल थीं। घटना के बाद सिहोनिया पुलिस थाने में नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद रामसिंह फरार हो गया और अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में रहने लगा।
महाराष्ट्र से हरियाणा तक बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के अनुसार, रामसिंह महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में सिक्योरिटी गार्ड और मजदूर के तौर पर काम करता रहा। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वह गुरुग्राम के गोपालपुर जीआईडीसी इलाके में एक वेयरहाउस में काम कर रहा है। इसके बाद टीम ने गढ़ी-हरसरू रोड पर निगरानी की। पुलिसकर्मी मजदूरों और स्थानीय लोगों के भेष में वहां पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिहोनिया थाना प्रभारी एसआई अतुल परिहार के मुताबिक, आरोपी को मुरैना लाने के लिए पुलिस टीम अहमदाबाद भेजी गई है।
दोहरे हत्याकांड का बदला लेने का आरोप
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2010 में घूरे को लेकर हुए विवाद में मौजूदा मामले में मारे गए लोगों के परिवार से जुड़े लोगों ने दूसरे पक्ष के दो लोगों की हत्या कर दी थी। आरोप है कि 2023 में हुई छह लोगों की हत्या उसी दोहरे हत्याकांड का बदला लेने के लिए की गई थी।
रामसिंह खुद को चंबल के पूर्व डकैत पान सिंह तोमर का पारिवारिक रिश्तेदार बताता है। यह दावा आरोपी का है। पान सिंह तोमर के जीवन पर 2012 में इसी नाम से फिल्म भी बनी थी। वह भिंड जिले के भिडोसा गांव के रहने वाले थे, जो लेपा गांव के पास स्थित है।