अहमदाबाद न्यूज डेस्क: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने एक महिला यात्री को 83 लाख रुपये की कीमत की सोने की चेन के साथ पकड़ा है। महिला शारजाह से अहमदाबाद पहुंची थी और उसने 24 कैरेट सोने की चेन को कस्टम ड्यूटी चुकाए बिना छिपाकर लाने की कोशिश की थी। चेन का वजन 499.5 ग्राम है।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर AIU की टीम ने उसे रोका और जांच की। तलाशी के दौरान महिला के हाई नेक स्वेटर के अंदर छिपाई गई सोने की चेन बरामद हुई। अधिकारियों ने चेन जब्त कर ली है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला खाड़ी देश में मेडिकल प्रोफेशनल है और उसने गुजरात से ग्रेजुएशन और पोस्टग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला जानबूझकर सोने की जानकारी छिपाकर लाने का लग रहा है। हालांकि, सोना लाने के पीछे की पूरी वजह और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
कस्टम विभाग ने 24 कैरेट सोने की चेन जब्त कर ली है, जबकि महिला को जमानत पर रिहा कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।