विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रणबाली' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब चार मिनट का यह ट्रेलर ब्रिटिश हुकूमत के दौर में भारतीयों पर हुए अत्याचारों और उनके खिलाफ उठती बगावत की कहानी दिखाता है। ट्रेलर में कहीं अंग्रेजों की क्रूरता नजर आती है, तो कहीं अन्याय के खिलाफ खड़े होने का जज्बा। फिल्म के शुरुआती दृश्यों से ही साफ हो जाता है कि इस बार विजय देवरकोंडा एक अलग ही अंदाज में पर्दे पर नजर आने वाले हैं।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि ब्रिटिश अधिकारी भारतीयों से गुलामों की तरह काम करवाते हैं, लेकिन बदले में उन्हें बुनियादी सुविधाओं तक से वंचित रखते हैं। लगातार होते जुल्म और भेदभाव से लोगों के भीतर गुस्सा बढ़ने लगता है। इसी माहौल में विजय देवरकोंडा का किरदार रणबाली विद्रोह की राह पकड़ता है। वह अंग्रेजों के अत्याचारों का जवाब देने के लिए खड़ा होता है और देखते ही देखते कहानी बदले, संघर्ष और प्रतिरोध की ओर बढ़ने लगती है।
फिल्म में विजय रणबाली के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका मंदाना जयाम्मा की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में दोनों की मौजूदगी कहानी को और दिलचस्प बनाती है। विजय का बागी अवतार फिल्म का प्रमुख आकर्षण है, वहीं रश्मिका के किरदार को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बढ़ सकती है। ट्रेलर के आखिरी हिस्से में अंग्रेजों और भारतीयों के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलता है, जो फिल्म के बड़े पर्दे पर एक्शन और रोमांच का अंदाजा देता है।
निर्देशक राहुल सांकृत्यायन की यह पीरियड ड्रामा फिल्म रायलसीमा के काल्पनिक गांव सिंगानामाला की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी में ऐतिहासिक दौर की परिस्थितियों, सत्ता के दमन और आम लोगों के संघर्ष को प्रमुखता दी गई है। भव्य दृश्य, अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह और रणबाली का आक्रामक अंदाज इसे एक बड़े स्तर की फिल्म बनाने का संकेत देते हैं। अब देखना होगा कि निर्देशक इन सभी पहलुओं को पूरी कहानी में किस तरह पिरोते हैं।
'रणबाली' विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की साथ में आने वाली एक और फिल्म है, इसलिए उनके प्रशंसकों के लिए इसका खास महत्व है। दोनों इससे पहले 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। इस साल शादी के बाद यह उनकी पहली साझा फिल्म भी है, ऐसे में पर्दे पर उनकी जोड़ी देखने के लिए दर्शक उत्साहित हो सकते हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब ट्रेलर के बाद सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रणबाली की बगावत बॉक्स ऑफिस पर कितना दम दिखाती है।
Check Out The Trailer;-